बनूड़ के ज्ञान सागर मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की मान्यता बहाल
अगले विद्यक सेशन से शुरू होगा दाखिला
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। पंजाब सरकार ने वित्तीय संकट के चलते पिछले साल बंद किए गए पटियाला के बनूड़ स्थित ज्ञान सागर मेडिकल कॉलेज और ज्ञान सागर डेंटल कॉलेज को अगले विद्यक सेशन 2019-20 से दोबारा शुरू करने की मंजूरी दे दी है। सरकार की हिदायतों के बाद राज्य के मेडिकल शिक्षा व खोज विभाग और फरीदकोट की बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी ने दोनों कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स की 100-100 के अस्थायी अनिवार्यता प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया है। उनके केस की फाइल को मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया और डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया के पास भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार ज्ञान सागर कॉलेजों का प्रबंधन पर्ल समूह के निर्मल सिंह भंगू के पास था और निर्मल सिंह भंगू के पर्ल समूह के 45 हजार करोड़ के घोटाले में पकड़े जाने के बाद कॉलेजों पर वित्तीय संकट छा गया था। कॉलेज चलाने में विफलता के कारण पिछले साल मई 2017 में राज्य सरकार ने उनकी मान्यता को रद्द कर दिया था। इन कॉलेजों से संबंधित तमाम विद्यार्थियों को अन्य मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में तब्दील कर दिया गया था। अब इस ट्रस्ट को जेएसबी ग्रुप ने संभाल लिया है और नए ट्रस्टियों ने कॉलेजों को दोबारा चलाने के लिए पंजाब सरकार के पास आवेदन दिया था। इस आवेदन पर प्राथमिक पड़ताल करवाने के बाद मेडिकल शिक्षा व खोज विभाग ने सहमति प्रदान कर दी है।
-----------