डीसी दफ्तर के समूह कर्मियों ने की गेट रैली
कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर।
पंजाब राज्य जिला डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन की प्रदेश कमेटी के आह्वान पर बुधवार को डिप्टी कमिश्नर दफ्तर के समूह कर्मचारियों ने गेट रैली की। इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष वरिंदर ढोसीवाल व महासचिव हरजिंदर सिंह सिद्धू ने की। इस दौरान 2018-19 के बजट की प्रतियां फूंककर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वित्त मंत्री की ओर से पेश किए बजट में सरकारी कर्मचारियों के हितों को अनदेखा करते हुए दो सौ रुपये प्रति महीना अतिरिक्त टैक्स का बोझ डाला गया है। ऐसा टैक्स मुगल राज्य के समय जजिया कर के रूप में वसूला जाता था। बजट में कर्मचारियों के महंगाई भत्ते का बकाया, वेतन आयोग की रिपोर्ट व अन्य मसलों का जिक्र तक नहीं किया गया है। इससे कैप्टन सरकार का मुलाजिम विरोधी चेहरा बेनकाब होता नजर आता है। क्लास फोर यूनियन कर्मचारियों ने भी संघर्ष में मिनी सचिवालय कर्मियों का साथ दिया। इस दौरान सुपरिंटेंडेंट नछत्तर सिंह, सुरिंदर कुमार, राजिंदर सिंह बुट्टर, भुपिंदर सिंह, दलजीत सिंह, बिंदरपाल सिंह, बलविंदर सिंह सिद्धू, जगतार सिंह, मोहन सिंह, दीपक कुमार, नसीब कौर, बलजीत कौर और सुखपाल कौर समेत अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।