किसानों के सुसाइड के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार : जाखड़
पीपीसीसी अध्यक्ष ने किया सुल्तानपुर लोधी के मंड क्षेत्रों का दौरा
सुखबीर पर साधा निशाना, किसान हितैषी हैं तो खुद मोदी से लेकर आएं पैकेज
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ वीरवार को सुल्तानपुर लोधी के गांव शेरपुर डोगरा में सरपंच सुखविंदर सिंह जोहल के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार ने किसानों से कर्जा माफी का वादा पूरा किया है। किसानों की खुदकुशियों के लिए केंद्र की मोदी और पंजाब की पिछली सरकार जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि पंजाब पर 2 लाख 8 हजार करोड़ रुपये का कर्जा है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों से किए अपने वादे को निभाते हुए 10 लाख 25 हजार किसानों का दो लाख रुपये का कर्ज माफ किया है। अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल की ओर से दो लाख की राशि को नाकाफी बताने के बयान पर जाखड़ ने कहा कि सुखबीर के सेवन स्टार होटल में एक रात का किराया पांच लाख रुपये है, उन्हें किसानों के दो लाख रुपये के कर्ज माफी से क्या लेना-देना है। अगर वह इतने ही किसान हितैषी हैं कि तो मोदी सरकार के पास जाकर खुद कोई विशेष पैकेज क्यों नहीं ले आते। इस मामले में कांग्रेस भी उनके साथ पीएम के पास जाने को तैयार है। कदम बढ़ाएं, बातें न बनाएं। यह किसान हितैषी होते तो पिछले तीन साल में कच्चे तेल की कीमतें कम होने से केंद्र को 9 लाख करोड़ रुपये बचे हैं। यह पैसा किसानों पर खर्च किया जा सकता था।
उन्होंने कहा कि दरिया के मंड क्षेत्र में एडवांस बांध बनाने की योजनाओं के फैसले राजनीतिक नहीं, बल्कि तकनीक के आधार पर किसान हितैषी होने चाहिए। अब कांग्रेस सरकार किसानों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए योजनाएं बना रही है ताकि उन्हें कर्जा लेने की जरूरत ही न पड़े। किसानों की समस्या के हल के लिए गठित डॉ. टी हक कमेटी की 17 अगस्त को रिलीज होने वाली रिपोर्ट की देरी पर जाखड़ बोले कि सरकार की तरफ से इस पर गहन अध्ययन किया जा रहा है। इस वजह से यह लेट हुई है। जाखड़ ने कहा कि उन्होंने पानी में डूबे क्षेत्रों के हालात देखे हैं, किसानों की मांगें सुनी है और वह विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही मुख्यमंत्री को देंगे। पक्का पुल और जमीनों के मालिकाना हक के लिए वह पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से जल्द प्रपोजल रिपोर्ट मांगेंगे। जिला प्रशासन को सख्त हिदायत दी कि इस क्षेत्र में खराब फसल का मुआवजा सही ढंग से उसके हकदार पीड़ित किसान को ही मिलना चाहिए। मुआवजे की रकम 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रति एकड़ की गई है। कीटनाशकों के सैंपल फेल होने पर कहा कि यह पुरानी सरकार का ही फैलाया कोहड़ है, जिसे कैप्टन सरकार सख्ती से खत्म कर रही है। आम आदमी पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जिन्हें पंजाब की जनता ने नकार दिया, वह अब कैप्टन सरकार के फैसलों पर सियासत कर रहे है। पंजाब प्रधान ने कहा कि किसान कोई गलत कदम न उठाएं। पंजाब सरकार उनके साथ है। अपना हौसला पस्त न होने दें। इससे पहले उन्होंने सिविल रेस्ट हाउस कपूरथला में चारों विधानसभा के वर्करों के साथ बैठक करके पंजाब की बेहतरी के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक नवतेज सिंह चीमा, विधायक रमनजीत सिंह सिक्की, विधायक गुरकीरत सिंह कोटली, विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह लाली, जिला कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंदर सिंह मान, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष करमबीर सिंह केबी, डीसी मोहम्मद तैयब, एसडीएम डॉ. चारूमिता, डीएसपी वरियाम सिंह, एसएचओ तलवंडी चौधरियां नरिंदर सिंह औजला, प्रदेश कांग्रेस सचिव दीपक धीर राजू, परविंदर सिंह पप्पा, पार्षद अशोक मोगला और ब्लाक अध्यक्ष मुख्तियार सिंह भगतपुर उपस्थित थे।
किसान संघर्ष कमेटी ने सौंपा ज्ञापन
किसान संघर्ष कमेटी नेता परमजीत सिंह बाऊपुर और कुलदीप सिंह सांगरा ने जाखड़ को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि आबादकार किसानों को मालिकाना हक दिए जाए। अन्य मांगों में पैंटून पुल के स्थान पर स्थायी पुल के निर्माण को प्रमुखता से उठाया गया। जाखड़ ने हर समस्या के निदान का आश्वासन दिया।