राहुल गांधी अनाड़ी नेता, उन्हें देश चलाने का तजुर्बा नहीं : बादल
पूर्व सीएम बोले- काबिल नेता नरेंद्र मोदी ही बनेंगे दोबारा प्रधानमंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
लंबी (मुक्तसर)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि राहुल गांधी अनाड़ी नेता हैं। राहुल को देश चलाने का कोई तजुर्बा ही नहीं है। उनमें देश चलाने की काबलियत नहीं है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काबिल नेता हैं। वही दोबारा से देश के प्रधानमंत्री बनने योग्य नेता हैं। बादल ने ये बात सोमवार को लंबी हलके के गांव मिठड़ी बुधगिर में प्रेसवार्ता दौरान कही। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ही दोबारा प्रधानमंत्री बनेंगे। कांग्रेस ने पचास वर्षों में उतना काम नहीं किया जितना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच वर्षों में कर दिखाया। नरेंद्र मोदी ने जहां दुश्मन देश को सबक सिखाया। वहीं विदेशों में भी भारत का नाम रोशन किया। केंद्र की मोदी सरकार ने बेमिसाल कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंजाब में नाकाम साबित हुई है। इस पार्टी ने दो वर्ष बीतने के बावजूद लोगों से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार का रिश्ता अटूट है। गठबंधन सरकार प्रदेश में अमन-शांति व भाईचारक सांझ लाने को तत्पर है। उन्होंने कहा कि पार्टी हर नेता की मां समान होती है। जैसे मां बच्चे को जन्म देती है, वैसे पार्टी इज्जत देती है। पार्टी को छोड़ना मां को छोड़ने के समान है। जो नेता अपने स्वार्थ के लिए पार्टियां छोड़ते हैं, समझो उन नेताओं ने अपनी मां को छोड़ दिया। इस मौके अवतार सिंह वनवाला, हरबी बादल, आकाशदीप मिड्ढूखेड़ा, सर्किल अध्यक्ष रणजोध सिंह लंबी, जसमेल सिंह मिठड़ी, परमजीत सिंह, बलगीर सरां, नीटू, कुलदीप सिंह लंबी, गुरजंट सिंह समेत अन्य भी मौजूद थे।