पूर्व एसएसपी चरनजीत शर्मा ने दायर की जमानत याचिका
जिला अदालत में 1 मार्च को होगी सुनवाई
कोर्ट ने प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। बहिबलकला गोलीकांड मामले में न्यायिक हिरासत चल रहे मोगा के पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा ने जिला अदालत में जमानत के लिए याचिका दायर कर दी है। याचिका पर जिला व सेशन जज हरपाल सिंह ने सरकार को नोटिस जारी करते हुए सुनवाई के लिए 1 मार्च की तारीख तय की है।
बरगाड़ी बेअदबी मामले से संबंधित बहिबल गोलीकांड के आरोपी पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा को घटना की जांच कर रही एसआईटी ने पिछले माह 27 जनवरी को उनके होशियारपुर स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। 11 दिन पुलिस रिमांड के बाद पुलिस ने 7 फरवरी को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। पटियाला जेल में बंद पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा ने जिला अदालत में जमानत याचिका दायर करते हुए कहा कि एसआईटी ने उन्हें झूठे व बेबुनियाद केस में फंसाया है और उनसे पूछताछ का काम पूरा हो चुका है। जमानत मिलने के बाद भी वह जरूरत एसआईटी व अदालत को अपना सहयोग देते रहेगें। उनकी इस याचिका पर अदालत ने सरकार को नोटिस जारी करते हुए 1 मार्च 2019 को सुनवाई रखी है।
उल्लेखनीय है कि बहिबलकल गोलीकांड की घटना 14 अक्टूबर 2015 को हुई थी, जिसमें बरगाड़ी बेअदबी की घटना के विरोध में धरनाकारियों पर पुलिस फायरिंग के चलते दो सिख नौजवानों की मौत हो गई थी। मामले एक सप्ताह बाद 21 अक्टूबर 2015 को थाना बाजाखाना में अज्ञात पुलिस पार्टी पर हत्या का केस दर्ज किया गया था। बेअदबी मामलों की जांच करने वाले जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट के आधार पर इस केस में 11 अगस्त 2018 को तत्कालीन एसएसपी मोगा चरनजीत सिंह शर्मा, एसपी फाजिल्का बिक्रमजीत सिंह, एसएसपी मोगा के रीडर इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह व थाना बाजाखाना प्रभारी एसआई अमरजीत सिंह कुलार को नामजद किया गया। इनमें से पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी तीन पुलिस अधिकारियों को पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट से 21 मई तक अंतरिम जमानत मिली चुकी है।
आईजी उमरानंगल की पेशी आज
फरीदकोट। कोटकपूरा गोलीकांड मामले में गिरफ्तार आईजी परमराज सिंह उमरानंगल को 2मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। गोलीकांड मामले की जांच कर रही एसआईटी ने आईजी उमरानंगल को बीती 18 फरवरी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था। उन्हें दो बार अदालत में पेश करके चार व तीन दिन के रिमांड पर लिया जा चुका है। मंगलवार को पुलिस रिमांड की अवधि खत्म होने के चलते उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।