करंट की चपेट में आने से पावरकॉम के मुलाजिम की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। शहर के होटल प्रेसिडेंट की खराब हुई बिजलीं ठीक करने शुक्रवार देर रात गए पावरकॉम के कर्मचारी को करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से कर्मचारी कीमौत हो गई। पावरकॉम के इस मुलाजिम के साथ एक और मुलाजिम भी करंट की चपेट में आने से झुलस गया। मृतक की पहचान धर्मेंद्र वर्मा पुत्र सुरेश वर्मा निवासी पठानकोट के रूप में हुई है। वह इस समय जालंधर के बस्ती नौ में रह रहा था।
पावरकॉम के एसडीओ मोहन लाल ने बताया कि बिजली खराबी की शिकायत आने के बाद विभाग की एक टीम होटल प्रेसिडेंट में बिजली फॉल्ट दूर करने गई थी। जब कर्मचारी फॉल्ट ठीक कर चुका था तो फ्यूज लगाते समय चल रहे जनरेटर की बिजली सप्लाई वापस आ गई। इस करंट की चपेट में आ कर धर्मेंद्र वर्मा व हुस्न लाल झुलस गए। इन दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र वर्मा को मृत घोषित कर दिया।