ग्रामीणों ने स्कूल पर ताला जड़ा, प्रदर्शन
स्कूल के छह शिक्षकों में से चार का तबादला होने पर भड़के
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
गांव झल्ल ठीकरीवाल के सरकारी मिडिल स्कूल पर सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने ताला लगा दिया। ग्रामीण स्कूल के छह में से चार शिक्षकों के तबादले पर भड़के थे। गुस्साए ग्रामीण स्कूल के बाहर धरना लगाकर बैठ गए। उच्चाधिकारियों से शिक्षकों की जल्द व्यवस्था करने का आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने धरना हटाया।
गांववासी नरिंदर सिंह, परमिंदर सिंह, चरणजीत सिंह ने बताया कि सरकारी स्कूल में करीब 70 विद्यार्थी हैं। इन्हें पढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने छह अध्यापक तैनात किए हैं। इन छह अध्यापकों में से चार को शिक्षा विभाग ने दूसरे स्कूलों में भेज दिया। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही हैँ। गांववासियों का कहना है कि इस बारे में कई बार विभाग के ध्यान में लाया गया। इसके बाद भी विभाग ने कुछ नहीं किया।
इस पर उन्होंने पूरे गांववासियों के साथ धरना दिया। धरने का जब प्रशासन को पता चला तो तहसीलदार मनवीर सिंह ढिल्लो, डिप्टी डीईओ सेकेंडरी विक्रमजीत सिंह व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और गांववासियों से बातचीत शुरू की। मनवीर सिंह ढिल्लो और डिप्टी डीईओ विक्रमजीत सिंह ने एलान किया कि स्कूल में और शिक्षक भेजे जा रहे हैं। 31 मार्च के बाद अध्यापकों की संख्या में इजाफा कर दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना हटा दिया। डिप्टी डीईओ विक्रमजीत सिंह ने कहा कि करीब एक माह पहले स्कूल के दो शिक्षकों को डेपुटेशन पर कम शिक्षकों वाले स्कूलों में पेपरों की वजह से भेजा था। चार शिक्षकों को नहीं भेजा गया। एक शिक्षक को वापस बुला लिया गया है और अब स्कूल में पांच शिक्षक हैं। एक ही शिक्षक को नूरपुर लुबाना स्कूल में भेजा गया है।