दो सड़क हादसों में तीन लोग जख्मी
सभी सिविल अस्पताल में दाखिल
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
दो सड़क हादसों में एक बच्ची समेत तीन लोग जख्मी हो गए। पहला हादसा कपूरथला-सुल्तानपुर लोधी मार्ग पर आरसीएफ गेट नं 2 के पास हुआ। एक दुकान से सामान खरीद कर आरसीएफ के पास झुग्गी में लौट रही बच्ची को कार चालक ने टक्कर मार दी। इस वजह से अनीता (7) गंभीर रूप से जख्मी हो गई। कार चालक ने बच्ची को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। आरसीएफ निवासी बिमल ने बताया कि वह झुग्गियों में रहते हैं। उसकी बेटी पास की दुकान से घरेलू सामान लेकर लौट रही थी कि एक कार की चपेट में आ गई। कार चालक ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। ड्यूटी डॉक्टर के मुताबिक लड़की को गंभीर चोटें आई हैं।
दूसरी हादसा बेगोवाल के पास हुआ। धार्मिक स्थान से माथा टेक कर लौट रहे दो युवक बाइक का संतुलन बिगड़ने से सड़क के किनारे खेत में जा गिरे। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को गंभीर घायल अवस्था में भुलत्थ के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें कपूरथला के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान कर्मजीत सिंह (16) और अर्जुन सिंह (18) निवासी बेगोवाल के तौर पर हुई है।