फिरोजपुर। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे फिरोजपुर में पुलिस और बीएसएफ ने दो अलग-अलग कार्रवाई में एक किलो 409 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया।
बीएसएफ और थाना सदर पुलिस ने गांव हबीब वाला के खेतों से जोगिंदर सिंह उर्फ सोनू उर्फ टोनी को पकड़ा। उसके कब्जे से 815 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और नशा तस्करी के नेटवर्क का पता लगा रही है। एक अन्य मामले में बीएसएफ की बीओपी बैरियर फिरोजपुर के जवानों ने ड्रोन गतिविधि देखी। तलाशी अभियान के दौरान गांव बारेके की ओर जीरो लाइन फेंसिंग के पास एक संदिग्ध पैकेट मिला। जांच करने पर उसमें से 594 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना सदर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।