हादसे के बाद क्षतिग्रस्त दोनों गाड़ियां।
- फोटो : संवाद
पंजाब के फगवाड़ा में दर्दनाक हादसा हुआ है। फगवाड़ा-होशियारपुर रोड पर गांव खाटी के नजदीक दो कारों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि 3 बच्चों समेत 10 लोग गंभीर घायल हुए हैं। मरने वालों में पति और पत्नी हैं। घायलों को उपचार के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा वीरवार-शुक्रवार रात में हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना संबंधी जांच शुरू कर दी है।
एएसआई बिंदरपाल ने बताया कि गांव जगजीतपुर के रहने वाले एक ही परिवार के 3 बच्चों समेत 7 सदस्य फगवाड़ा से अपने गांव जगजीतपुर जा रहे थे। होशियारपुर की तरफ से आ रही एक कार, जिसमें गांव सलारपुर के रहने वाले एक ही परिवार के 6 सदस्य सवार थे। उनकी कार फगवाड़ा की तरफ आ रही थी। गांव खाटी के पास दोनों कारों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में गांव जगजीतपुर निवासी 80 वर्षीय मुख्तियार सिंह और उनकी पत्नी धर्म कौर की मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनका बेटा सुखविंदर सिंह, उसकी पत्नी और 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी कार में सवार मोहन लाल, बिंदर लोई, ममता, रानी पत्नी मोहन लाल और वरखा पुत्री मोहन लाल निवासी गांव सलारपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सिविल अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने सभी घायलों का इलाज शुरू कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश भी घायलों का हालचाल जानने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे।