राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया वीरवार से पंजाब दौरे पर जाएंगे। राज्यपाल कटारिया लगभग एक सप्ताह के दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे की खास बात यह है कि राज्यपाल पैदल यात्रा भी करेंगे। सीमावर्ती जिला गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक और फतेहगढ़ चूड़ियां में पैदल यात्रा करके प्रदेश निवासियों को नशे के विरुद्ध लामबंद करेंगे।
राज्यपाल के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी गुरदासपुर दलविंदरजीत सिंह की ओर से डेरा बाबा नानक व फतेहगढ़ चूड़ियां में अधिकारियों के साथ मीटिंग की। मीटिंग में एसएसपी सोहेल कासिम मीर, डॉ. हरजिंदर सिंह बेदी एडीसी, गुरप्रीत सिंह एडीसी (विकास), जसपिंदर सिंह एसडीएम दीनानगर, मनजीत सिंह, राजपाल सिंह सेखों एसडीएम डेरा बाबा नानक, वीरपाल कौर एसडीएम फतेहगढ़ चूड़ियां, कुलजीत सिंह डीएम मंडीबोर्ड, टीआर शर्मा मैनेजर करतारपुर काॅरिडोर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
डीसी ने बताया कि राज्यपाल की ओर से नशे के विरुद्ध पैदल यात्रा की शुरुआत तीन अप्रैल को सुबह सात बजे श्री करतारपुर साहिब काॅरिडोर से की जाएगी जो सेंट फ्रांसिस स्कूल, डेरा बाबा नानक में आकर समाप्त होगी। पैदल यात्रा में जिले के नौजवान, खिलाड़ी, विद्यार्थी, लेखक, बुद्धिजीवी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के नुमांइदे व आम लोग हिस्सा लेकर पंजाब को नशा मुक्त करने की शपथ लेंगे। यात्रा के दौरान राज्यपाल की ओर से विलेज डिफेंस कमेटियों के नुमांइदों के साथ भी मीटिंग की जाएगी।
डीसी ने बताया कि पैदल यात्रा के दूसरे दिन का आगाज बदेशा पैलेस, गांव डंढे से होगा और इसकी समाप्त एसडी काॅलेज फतेहगढ़ चूड़ियां में होगी। 5 से 8 अप्रैल तक पैदल यात्रा जिला अमृतसर में होगी। डीसी ने दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि पैदल यात्रा की तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं।