दीपावली की शाम हुए दो रेल हादसों में एक बच्ची सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा छत्तीसगढ़ ट्रेन के साथ शाम करीब 6 बजे पीएपी ट्रैक पर हुआ।
इस हादसे में एक दंपति व उनकी पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। इसी हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई। इस व्यक्ति की पहचान फकीर चंद उर्फ पप्पू पुत्र चमन लाल निवासी पतरा मुहल्ला बस्ती शेख जालंधर के रूप में हुई है। दंपति व बच्ची की अब तक पहचान नहीं हो सकी। दूसरा हादसा रात आठ बजे के करीब अमृतसर से नई दिल्ली जाने वाली सुपर एक्सप्रेस के साथ हुआ।
इस हादसे में नसराला जिला होशियारपुर के रहने वाले नरिंदर सिंह पुत्र मोहन सिंह की मौत हो गई।
रेलवे पुलिस जालंधर कैंट के मुताबिक दोनों घटनाएं अचानक हुई हैं। किसी ने भी आत्महत्या का प्रयास नहीं किया है। उनके मुताबिक हुए दोनों हादसों में मृत दो लोगों की लाशों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दी गई हैं। परिवार के तीन लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पड़ताल कर रही है। उनके मुताबिक मृतक महिला की आयु 35 वर्ष और पुरुष की आयु 35 से 38 वर्ष के बीच थी।
बच्ची की आयु पांच वर्ष थी। तीनों के शवों को सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है।