पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में शनिवार दोपहर को लाहौर से दिल्ली आ रही बस में सवार एक 24 वर्षीय युवती को बेहोशी की अवस्था में स्थानीय सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां डाक्टर विनोद गुप्ता ने युवती का चेकअप किया।
बस के साथ चल रहे एलओ टीआर शर्मा ने बताया कि लाहौर से चली इस बस में बेहोश हुई युवती आनम खान पुत्री अकबर खान दिल्ली की रहने वाली है।डाक्टर विनोद गुप्ता के मुताबिक आनम को सफर के दौरान लगी उलटियों, थकावट व कुछ न खाने पीने के चलते बेहोशी की हालात में लाया गया था। उन्होंने अपनी टीम के साथ इस युवती चेकअप करके उसे सामान्य हालात में लाकर उपचार किया।
बस के साथ जिला पुलिस की चल रही एस्कार्ट जिप्सी के इंचार्ज एसआई हरजिंदर सिंह गुडू ने बताया कि जब यह बस स्थानीय फ्लोटिंग रेस्टोरेंट पर पहुंची तो इस बेहोश युवती के बारे में पता चला और बस के साथ चल रहे सुरक्षा अमले ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
बस में आनम समेत कुल 38 सवारियां थीं। इनमें 16 पुरुष, 18 महिलाएं और चार बच्चे थे। लगभग आधा घंटे बाद युवती को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उसके बाद युवती उसी बस में सवार होकर रवाना हो गई।