जीरा (फिरोजपुर)। जीरा-फिरोजपुर हाईवे पर स्थित गांव कलगीदर नगर (गदड़ी वाला) के पास रविवार को ट्रक बाइक भिड़ंत में बाइक सवार दो सगे भाईयों की मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीरा सिविल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार फिरोजपुर के गांव सोढ़ी नगर निवासी बलविंदर सिंह (35) व मंजीत सिंह पुत्र कुंदन सिंह बाइक पर जीरा से फिरोजपुर आ रहे थे।
इस दौरान फिरोजपुर से आ रहे धान की बोरियों से लदे ट्रक ने गांव कलगीदर नगर के पास बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बलविंदर सिंह व मंजीत सिंह की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच धान के बैग से लदा ट्रक अपने कब्जे में ले लिया जबकि ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने जीरा सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।