अबोहर (फिरोजपुर)। कुछ दिन पहले अनाज मंडी में किन्नू की गाड़ी भरने को लेकर हुए विवाद ने रविवार रात्रि उग्र रूप धारण कर लिया। इसके चलते एक दर्जन से अधिक हथियारबंद लोगों ने हिंदुमलकोट रोड स्थित श्री गुरु नानक कैंटर यूनियन में तोड़फोड़ की। इसके बाद हमलावरों ने फाजिल्का रोड पर खड़ी एक कैंटर आपरेटर की बोलेरो जीप को आग लगा दी और दुकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया।
इस दौरान हमलावरों ने हवाई फायर भी किए इससे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। मौके पर जमा हुई भीड़ ने बोलेरो गाड़ी पर पानी डालकर आग को बुझाया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलकार सिंह व सबइंस्पेक्टर राज कुमार पुलिस समेत मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी हासिल की।
पुलिस ने तोड़फोड़ व फायरिंग करने और सेतिया रोड लाईन के संचालक बंटू सेतिया पर जानलेवा हमला करने के आरोप में सीतो रोड निवासी बलकार सिंह व उसके दो बेटों शिवदयाल, व शिव, ढाणी रूढ सिंह निवासी शेरा सिंह, व उसके भाई हरजिंदर सिंह, बख्शीश सिंह उर्फ शीशा, राज सिडाना निवासी नानक नगरी तथा रणधीर सिंह उर्फ धीरा के अलावा 10 अज्ञात लोगाें के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इसी मामले में घायल अस्पताल में भर्ती बंटू सेतिया ने बताया कि कुछ आपरेटर बिना यूनियन की मंजूरी से किन्नू की गाड़ियां भरते थे जिसको लेकर विगत दिवस विवाद हो गया था। उसी के चलते कुछ लोगों ने उन पर हमला करते हुए घायल कर दिया तथा दुकान से ढाई लाख की नकदी लूटकर ले गए।