पंजाब सरकार ने हाल ही में कई खाद्य पदार्थों पर लगाए चार फीसदी टैक्स को वापस लेने का फैसला किया है। इस फैसले से किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को भारी राहत मिलेगी।
यह जानकारी पंजाब के वित्त और योजना मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने गांव जखेपल में आयोजित संगत दर्शन के दौरान पत्रकारों से कही।
वित्तमंत्री ने कहा कि मंडी बोर्ड ने दालों, तिलहन, गुड समेत कई दर्जन खाद्य पदार्थों पर दो फीसदी मंडी फीस और दो फीसदी आरडीएफ (रूरल डेवलपमेंट फंड) लगाने का नोटिफिकेशन जारी किया था।
उन्होंने कहा कि यह मामला राज्य के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के समक्ष उठाया गया था और सीएम ने तुरंत ही मंडी बोर्ड को नोटिफिकेशन रद्द करने के आदेश जारी कर दिए। वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरेक गांव में बैंक खोलने की दिशा में कदम उठा रही है और जल्द ही राज्य के हर एक गांव में बैंक होगा।
इससे ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब निवेश सम्मेलन में जितने भी समझौते हुए हैं उन तमाम समझौतों को अमली रूप दिया जाएगा। इस मौके पर सीपीएस संत बलवीर सिंह घुन्नस, ज्ञानी रघुवीर सिंह, नरेश जिंदल, परमिंदर सिंह गंडूआं, विक्त्रस्म गीरा और बलकार सिंह मौजूद थे।