28 दिसंबर को होने वाली अध्यापक योग्यता परीक्षा (टीईटी) के लिए शिक्षा विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इसके लिए अबोहर में 11 और फाजिल्का में 15 सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए इस बार विभाग ने सभी केंद्राें की वीडियोग्राफी कराने का फैसला लिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप धूड़िया ने बताया कि जिले के कुल 26 परीक्षा केन्द्रों पर एक-एक सुपरिंटेंडेंट, सहायक सुपरिंटेंडेंट, क्लर्क तथा केन्द्र नियंत्रक नियुक्त किया गया है।
जबकि अबोहर और फाजिल्का में एक-एक नोडल सेंटर व शिकायत केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। इन नोडल सेंटरों से टीईटी के पेपर सभी सेंटराें को भेजे जाएंगे। उन्हाेंने बताया कि फाजिल्का के 15 परीक्षा केन्द्राें पर करीब 6400 परीक्षार्थी, और अबोहर के 11 केन्द्रों पर 4300 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से इन परीक्षा केन्द्रों के नाम अभी तक ओपन नहीं किए जा रहे हैं, लेकिन सभी केन्द्रों पर शांतिपूर्वक ढंग से परीक्षा संपन्न करवाने के लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
धूड़िया ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए इस बार वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। सभी केंद्रों पर लगने वाले अधिकारियाें की ड्यूटियां तय कर दी गई हैं लेकिन उन्हें अभी तक सेंटर नहीं बताए गए हैं।
अगर कोई परीक्षार्थी नकल करते हुए पाया गया तो मौके पर ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। धूड़िया ने स्पष्ट तौर पर कहा कि परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाइल या इससे संबंधित कोई इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने पर पूरी पाबंदी होगी।