अबोहर-फाजिल्का राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर गांव डंगरखेड़ा के सामने रेलवे ओवरब्रिज पर शनिवार-रविवार मध्य रात ऑटो और ट्राले की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
इसी दौरान आटो के पीछे आ रही एक कार भी आटो टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार दो लोग घायल हो गए। घटना में मारे गए सभी लोग भारत-पाक सीमा स्थित गांव रूपनगर बारेकां के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर अबोहर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
डीएसपी वीरचंद ने बताया कि फाजिल्का रोड स्थित रॉयल वैक्सिंग प्लांट के मजदूर रात को करीब 11 बजे एक आटो में सवार होकर गांव रूप नगर बारेकां जा रहे थे। यह आटो जब रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा तो फाजिल्का की ओर से आ रहे एक ट्राले ने उसे सामने से टक्कर मार दी और घसीटता हुआ दूर तक ले गया।
इसी दौरान आटो के पीछे आ रही एक कार भी आटो से टकरा गई। घटना में आटो में सवार चालक पलविंदर पुत्र महेंद्र वासी रूपनगर बारेकां, संदीप पुत्र जगसीर, शंकर पुत्र जसराम, सेवक उर्फ बिंदर पुत्र महेंद्र, बलविंदर पुत्र रेशम व अंग्रेजी पुत्र बब्बू की मौके पर मौत हो गई, जबकि जगदीश पुत्र वजीर चंद व 14 वर्षीय अंगद पुत्र जुगराज गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसमें से जगदीश कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उसे फरीदकोट रैफर कर दिया गया। रविवार करीब शाम छह बजे जगदीश की मौत हो गई।
हादसे के शिकार सभी मृतकों की उम्र 30 से 35 वर्ष है। इसी प्रकार कार सवार जसविंदर पुत्र नछतर वासी मेहता (बरनाला) तथा दीपक पुत्र सुरेंद्र वासी गांव सरावां बोदला भी घायल हो गए।
घायलों के अनुसार घटना के बाद ट्र्राला चालक ने मौके से ट्राले सहित भगाने का प्रयास किया, लेकिन जोरदार टक्कर से इंजन खराब होने के कारण वह घटना से थोड़ी दूर आगे ट्राला छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी वीर चंद, सदर थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा व गांव के सरपंच मौके पर पहुंच गए। मृतकों के शव सिविल अस्पताल में रखवाए गए। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।