हरियाणा में चल रहे जाट आरक्षण आंदोलन की वजह से दिल्ली-अटारी एक्सप्रेस और लाहौर-अमृतसर समझौता एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को रद्द कर दी गई। देश से सोमवार को कोई ट्रेन पाकिस्तान नहीं गई और न ही आई है।
ये दोनों ट्रेनें सोमवार और वीरवार को चलती है क्योंकि इन दोनों ट्रेनों के रूट बदलना संभव नहीं है। यह जानकारी रेल डिवीजन फिरोजपुर के डीआरएम अनुज प्रकाश ने दी।
डीआरएम अनुज प्रकाश ने बताया कि दिल्ली-अटारी एक्सप्रेस (14002) ट्रेन अटारी रेलवे स्टेशन तक आती है। इसमें लगभग नौ कोच लगे होते हैं। इस ट्रेन को रास्ते में कहीं भी नहीं रोका जाता है लेकिन जाट आरक्षण आंदोलन के कारण इस ट्रेन को रद्द किया है।
जो यात्री इस ट्रेन से आते हैं वही समझौता एक्सप्रेस में बैठ कर पाकिस्तान जाते हैं। इसलिए अटारी से लाहौर के बीच चलने वाली समझौता ट्रेन (14608) को भी रद्द किया गया है।
इस ट्रेन में 11 पैसेंजर कोच लगते हैं। डीआरएम ने बताया कि आंदोलन के चलते रेल डिवीजन फिरोजपुर से सोमवार को 22 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें और 19 पैसेंजर ट्रेनें रद्द की गई हैं।
उन्होंने बताया कि मालगाड़ी नहीं चलने के कारण डिवीजन का काफी नुकसान हो रहा है। एक मालगाड़ी से रेलवे को लगभग तीस लाख रुपये की आमदनी होती है जो मालगाड़ी अन्य रूट से जा रही है उनमें लोडिंग नहीं हो पा रही है।