किसानों की जमीनों की अलाटमेंट रद्द कर पंजाब सरकार द्वारा अपने कब्जे में लेने के फैसले की बार्डर संघर्ष कमेटी ने निंदा करते हुए शुक्रवार को क्षेत्र की दाना मंडी में किसानों के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि इस संघर्ष को पंजाब स्तर पर करेंगे और जिले के डिप्टी कमिश्नरों के दफ्तरों के सामने धरना देंगे।
बार्डर संघर्ष कमेटी के प्रदेश सेक्रेटरी हंसा सिंह ने कहा कि सरकारी जमीन जिन किसानों के नाम अलाटमेंट की थी उसे अब पंजाब सरकार रद्द कर अपने कब्जे में ले रही है। ऐसा करने से बहुत से किसान बर्बाद हो जाएंगे। सरकार के इस फैसले की कमेटी ने निंदा की है।
हंसा सिंह ने कहा कि इस फैसले को सरकार ने वापस नहीं लिया तो किसान पंजाब स्तर पर संघर्ष करेंगे। इस मौके पर किसानों ने कहा कि उनसे व्यापारियों ने सस्ते दामों पर बासमती लेकर आगे महंगे दामों पर बेच रहे हैं। ऐसा कर सरकार ने अच्छा नहीं किया है।
इसके अलावा आढ़तियों ने धान खरीद के समय प्रति क्विंटल उनसे साठ रुपये वसूले हैं। किसान नेताओं ने आढ़तियों को चेतावनी दी है कि आढ़तियों ने ये सब कुछ बंद नहीं किया तो आढ़तियों के खिलाफ भी संघर्ष शुरू किया जाएगा।