प्रदेश के वित्त व योजना मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने कहा कि जुलाई के अंतिम हफ्ते पेश होने वाले राज्य के बजट में सूबे की जनता पर नए टैक्स लगाने की कोई योजना नहीं है।
वीरवार को यहां शिव निकेतन धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते वित्त मंत्री ने कहा कि सभी विभागों से राय ली जा रही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से सलाह ली जा रही है।
हरियाणा में अलग एसजीपीसी की उठ रही मांग संबंधी उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर अपने निजी स्वार्थों की पूर्ति करना चाहती है। सिखों को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। यह सिखों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। पंजाब सरकार का फोकस तीन अहम मुद्दों सेहत, शिक्षा व नशे की रोकथाम पर है। लोगों को बेहतर सेहत सुविधाएं प्रदान करना, बेहतर शिक्षा देने व नशा का खात्मा करने का लक्ष्य तय किया है।
एक अन्य सवाल के उत्तर में ढींढसा ने कहा कि पंजाब ने केंद्र सरकार से उद्योगों को विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की है और केंद्र सरकार का रवैया पाजिटिव है। उम्मीद है कि केंद्र जल्द पंजाब को राहत देगी। इस मौके पर गुरचरण सिंह धालीवाल, भाजपा के अध्यक्ष राजीव गर्ग, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष हकूमत जिंदल, सुशील गोयल, भागीरथ राय, करमिंदर सिंह, मास्टर रचना राम, चमकौर सिंह आदि हाजिर थे।