नकाबपोश चोरों ने गैस कटर से पंजाब नेशनल बैंक के दो एटीएम काटकर करीब 23 लाख रुपये उड़ा लिए। आपस में दस किलोमीटर की दूरी पर स्थित दोनों एटीएम को काटने में चोरों ने पौने घंटे से भी कम समय लिया।
एसएसपी नरिंदर भार्गव का कहना है कि मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं, जल्द ही चोर गिरफ्त में होंगे।
पहला मामला गांव भूंगा का है। यहां नकाबपोश दो चोरों ने एटीएम को गैस कटर से काटने के बाद करीब 14.95 लाख रुपये की नगदी निकाल ली। पीएनबी के सीनियर मैनेजर अमृतलाल पाराशर ने बताया कि 16 दिसंबर को एटीएम में 22 लाख रुपये डाले थे। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक सुबह करीब 4:04 बजे एटीएम में घुसे लुटेरों ने सीसीटीवी कैमरे पर पेंट स्प्रे किया।
एटीएम काटकर सवा चार बजे तक 14.95 लाख पांच सौ रुपये लेकर चोर फरार हो गए। दूसरी घटना टांडा होशियारपुर मार्ग पर अड्डा सरां स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम की है। यहां भी चोर गैस कटर की मदद से एटीएम काटकर उसमें से 8.12 लाख की नगदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने सुबह 4:53 बजे उक्त घटना को अंजाम दिया।
बैंक के सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग के मुताबिक सबसे पहले चोरों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर किया। इसके बाद एटीएम काटकर नगदी चुराई। ब्रांच मैनेजर दलजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को एटीएम में 9:45 लाख रुपये डाले थे। लास्ट ट्रांजेक्शन के बाद एटीएम में करीब 8:12 लाख की नगदी थी।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही एसएसपी डा. नरिंदर भार्गव, एसपी डी. जगमोहन सिंह, डीएसपी हरविंदर सिंह, एसएचओ बुल्लोवाल हरलीन सिंह, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट गुरदीप सिंह और हरियाना थाने के प्रभारी विक्रम जीत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी नरिंदर भार्गव ने बताया कि पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले हैं, जल्दी ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।