डीआरआई (रेवेन्यू विजिलेंस डायरेक्टोरेट) की टीम ने वीरवार को हरिके पत्तन-मक्खू के नजदीक लगभग दो अरब 55 करोड़ रुपये की हेरोइन समेत एक तस्कर को काबू किया है जबकि एक तस्कर उक्त टीम को चकमा देकर भाग गया।
पकड़े गए तस्कर से दो मैगजीन और 41 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। डीआरआई की टीम हेरोइन और तस्कर को पकड़कर चंडीगढ़ ले गई। उधर, तरनतारन थाना के प्रभारी ने डीआरआई की टीम द्वारा हेरोइन और तस्कर को पकड़ने की पुष्टि की है।
खुफिया सूत्रों के अनुसार जलालाबाद निवासी हरमेश सिंह पुत्र बाज सिंह और उसका साथी बाइक पर सवार होकर अमृतसर की तरफ जा रहे थे। जैसे ही दोनों हरिके पत्तन और मक्खू के नजदीक पहुंचे कि डीआरआई टीम ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि हरमेश सिंह को टीम ने दबोच लिया जबकि उसका दूसरा साथी पिस्टल समेत भाग गया।
टीम ने जब बाइक पर रखे खाद के बैग की तलाशी ली तो उसमें 51 किलो हेरोइन बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में दो अरब 55 करोड़ रुपये कीमत है। इसके अलावा दो मैगजीन और 41 कारतूस बरामद हुए हैं। जानकारों का कहना है कि हेरोइन की खेप जलालाबाद और फाजिल्का के बीच पड़ते सरहद पार पाकिस्तान से आई थी और उक्त दोनों तस्कर हेरोइन की डिलीवरी देने के लिए जा रहे थे जो पकड़े गए।