शेखां वाली बस्ती के नजदीक बनी एक दुकान में शुक्रवार रात अचानक मोमबत्ती से आग लगने से उसमें सो रहा एक व्यक्ति जिंदा जल गया। आग लगने से दुकान की छत भी गिर गई।
शनिवार सुबह लोगों को पता चला कि मलबे तले अधजले व्यक्ति की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक कृष्ण पुत्र सइयां वासी गुरुहरसहाए मानसिक तौर पर परेशान रहता था। शेखां वाली बस्ती के नजदीक रेशमा की पुराने दरवाजे व खिड़कियां बेचने की दुकान में रात के समय सो जाता था।
शुक्रवार रात को अचानक मोमबत्ती से दुकान के अंदर पड़े सामान में आग लग गई, जिस कारण कृष्ण जिंदा जल गया। यही नहीं दुकान की छत भी आग से गिर गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।