नशा विरोधी अभियान के तहत जिला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी गुरप्रीत सिंह तूर ने बताया कि नारकोटिक्स सेल की टीम ने ममदोट में विभिन्न स्थानों पर नीम हकीम बन लोगों को नशा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे भारी मात्रा में ड्रग्स पाउडर बरामद किया है।
ऐसा ही काम करने वाला एक आरोपी पुलिस रेड पड़ने से पहले फरार हो गया। एसएसपी के अनुसार नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज सतपाल सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि ममदोट में राजस्थानी वैद्य बनकर दुकानें चलाने वाले कुछ लोगों द्वारा भोलेभाले लोगों एवं नशेड़ियाें को नशे की बिक्री की जा रही है।
दवाओं के नाम पर बिना लाइसेंस ये सामान लोगाें में धड़ल्ले से वितरित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ममदोट के मेन बाजार में गंगानगर (राजस्थान) वाले वैद्य का बोर्ड लगाकर देसी दवाखाना चलाने वाले गुरदेव सिंह निवासी बेहरामके थाना कोट ईसे खां हाल आबाद ममदोट को पकड़कर उसकी दुकान की तलाशी ली।
इस दौरान चार बोरी ड्रग्स पाउडर (तीन बोरी 50 किलो वजन और एक बोरी 33 किलो वजन) बरामद की गईं। पुलिस ने दुकान से 4 कंटेनरों में भरा सफेद ड्रग पाउडर बरामद किया, जिसका कुल वजन 8 किलो 40 ग्राम निकला। दुकान से पुलिस ने 14490 प्रतिबंधित गोलियां भी बरामद कीं।
एसएसपी ने बताया कि इसी प्रकार ममदोट में ही हकीम मुक्तसर वाले के नाम से देसी दवाखाना चला रहे हनी अरोड़ा निवासी मुक्तसर हॉल आबाद ममदोट के यहां दबिश दी गई तो वह फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ शुरू कर दी है।