पठानकोट एयरबेस पर आतंकवादी हमले की जांच कर रही एनआईए और पंजाब पुलिस जिले
के थाना मेहना के अधीन तलवंडी मल्लियां के एक नौजवान को कई दिनों की
पूछताछ के बाद पठानकोट ले गई है।
इसकी पुष्टि एक पुलिस अधिकारी ने
की है। गांव तलवंडी मल्लियां निवासी संदीप सिंह सनी मोहाली में आइलेट्स का
कोर्स कर रहा था। इस दौरान उसका पठानकोट एयरबेस हमले में गिरफ्तार जम्मू
कश्मीर के सिजाद और रिशाद से संपर्क हो गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार वे
मोहाली में एक कमरे में इकट्ठे भी रहे। आरोपी सिजाद तलवंडी मल्लियां
निवासी संदीप सिंह सनी के मोबाइल का भी उपयोग करता था।
पुलिस
सूत्रों ने दावा किया कि सिजाद कई बार गांव तलवंडी मल्लियां भी आ चुका है।
इस साल के पहले ही दिन पठानकोट एयरबेस हमले की जांच कर रही एनआईए और
पठानकोट पुलिस की ओर से इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों सिजाद और रिशाद के
मोबाइल फोन की कॉल डिटेल हासिल करने के बाद गांव तलवंडी मल्लियां निवासी
संदीप सिंह सनी के साथ उनके संबंधों का खुलासा हुआ था। इस मामले में
पठानकोट पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से संदीप सिंह को तकरीबन 5 दिन पहले
ही हिरासत में लिया। मोगा में किसी थाने में पूछताछ के बाद पठानकोट पुलिस
उसे अपने साथ ले गई है।