अबोहर हत्याकांड में मारे गए दलित युवक भीम टांक के परिवार को सांत्वना देने के लिए बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद नरेंद्र कश्यप एवं प्रांतीय अध्यक्ष सदस्य अवतार सिंह करीमपुरी शुक्रवार को अबोहर पहुंचे। उन्होंने भीम टांक के परिवार के साथ दुख सांझा किया। उनके साथ बसपा के प्रदेश कोआर्डिनेटर प्रकाश भारती तथा अजीत सिंह भैणी भी विशेष तौर पर मौजूद थे।
पीड़ित परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कश्यप ने कहा कि दलितों के साथ हो रहे अत्याचारों से बसपा चिंतित है और भीम टांक के हत्यारों को न्याय दिलाने के लिए संसद से सड़क तक संघर्ष किया जाएगा। अगर पंजाब सरकार ने किसी भी आरोपी को बचाने का प्रयास किया तो बसपा उसका सख्त विरोध करेगी।
मायावती अबोहर कांड की पल-पल की रिपोर्ट ले रही हैं और उनके निर्देशों पर ही पार्टी का प्रतिनिधिमंडल भीम के परिजनों से मिलने यहां पहुंचा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि पीड़ित भीम के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
उन्होंने कहा कि पूरे देश भर में दलितों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में बहुजन समाज पार्टी संसद से लेकर सड़कों तक संघर्ष करने की रूपरेखा तैयार करेगी।