सदर पुलिस ने विवाहिता से शादी के पहले और बाद में आस्ट्रेलिया में रेस्टोरेंट खोलने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने, मारपीट कर घर से निकालने और दहेज प्रताड़ना के मामले में एनआरआई पति समेत सास, ससुर, जेठ और देवर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
एसएसपी कपूरथला को दी गई शिकायत में रमनदीप कौर निवासी नारंगपुर थाना सदर फगवाड़ा ने बताया कि उसकी शादी 2008 में इंद्रजीत वर्मा को साथ हुई थी और जिसके साथ वह आस्ट्रेलिया चली गई। 2010 में दोनों का किसी कारणों से तलाक हो गया, जिसके बाद उसकी मां ने उसके लिए वर की तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच कपूरथला के गांव बताला के बलदेव सिंह और उसकी पत्नी मंजीत कौर ने उसकी मां से संपर्क किया। सभी की सहमति से उनके बेटे जसबीर सिंह जोकि आस्ट्रेलिया में ही रहता है के साथ 13 जुलाई को शादी कर दी। शादी के बाद जसबीर ने उसको रेस्टोरैंट खोलने की योजना बनाकर दस हजार आस्ट्रेलियन डॉलर घर से मंगवाने को कहा। उसने जसबीर पर विश्वास कर अपनी माता से 10 हजार आस्ट्रेलियन डॉलर अपने खाते में डलवा लिए। इसके बाद जसबीर नेे 35 हजार डॉलर रेस्टोरेंट खोलने के नाम पर फिर ले लिए, जिसमें 16 लाख रुपये उसकी माता के और तीन लाख रुपये उसके भाई के बैंक खाते से निकलवाए गए। दोनों पति पत्नी मैंसफील्ड में रहने लगे।
लेकिन उसने विवाहिता का वीजा के लिए अप्लाई नहीं किया। बार-बार जोर देने पर अगस्त 2011 में उसने कहा कि वीजा लगवाना है तो घर वालों से पहले 10 लाख रुपये ओर लाओ। सिंतबर 2011 में जसबीर ने उसकी माता और भाई से संपर्क कर दस लाख रुपये ले लिए, जिसके बाद वीजा अप्लाई किया। बाद में पता चल गया कि जसबीर की रेस्टोरेंट खोलने की कोई योजना नहीं है।
उसने अपने मां-बाप के साथ मिल कर सिर्फ पैसे हड़पने के लिए ड्रामा ही किया था। नवंबर 2011 को मारपीट कर उसको घर से बाहर निकाल दिया। शिकायतकर्त्ता रमनदीप ने बताया कि जनवरी 2013 में उसका पति जसबीर सिंह इंडिया आया। जसबीर ने अपने भाई पलविंदर (जो स्पेन से आया था) के साथ मिल कर उसके परिजनों से 10 लाख रुपये ओर मांगे। परिवार बसाने के चक्कर में उसके परिजनों ने दस लाख रुपये भी दे दिए। जसबीर सिंह 25 मार्च को आस्ट्रेलिया आ गया और कहा कि वीजा लेने के लिए उसको एक बार आस्ट्रेलिया छोड़ना होगा, इसलिए उसने माता को देखने के बहाने 26 जुलाई 13 को इंडिया भेज दिया।
इसके बाद जसबीर ने उसकी मर्जी के बिना तलाक भी फाइल कर दिया। तंग आकर विवाहित ने इसकी शिकायत की। इस मामले की जांच डीएसपी फगवाड़ा मनजीत सिंह ने की। डीएसपी फगवाड़ा में रमनदीप के पति जसबीर सिंह ,ससुर बलदेव सिंह, सास मनजीत कौर, जेठ परविंदर सिंह, देवर सतविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश कर दी। इस पर एसएसपी कपूरथला इंद्रबीर सिंह के निर्देश पर सभी पांच आरोपियों को खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।