पंजाब में आम आदमी पार्टी के गठबंधन के बात को सिरे से खारिज करते हुए आम
आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में आम आदमी किसी
पार्टी के गठबंधन नहीं करेगी और अपने बूते ही चुनाव लड़ेगी।
वे
शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने से
पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। संजय का कहना था कि भाजपा के साथ आप
का वैचारिक मतभेद है वहीं बसपा का कोई आधार नहीं है। उत्तर प्रदेश में तो
बसपा का टिकट बोली लगाकर दिया जाता है और ऐसी पार्टी के साथ गठबंधन की बात
हम सोच भी नहीं सकते।
पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू के आप में
शामिल होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए संजय सिंह ने कहा कि न तो सिद्धू
की ओर से आप में शामिल होने के लिए संपर्क किया है और न ही हमारी तरफ से ही
कोई पहल हुई है। पीपीपी के आप में शामिल होने के बारे में उन्होंने कहा कि
पिछले दिनों कुछ नेता सांसद भगवंत मान से मिले थे लेकिन उसके बारे में आगे
क्या हुआ उसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
केंद्रीय मंत्री हरसिमरत
कौर बादल के बयान कि आप में सभी पार्टियों के नकारे लोग जा रहे है पर संजय
सिंह ने कहा कि हरसिमरत कौर बादल को ऐसे बयान शोभा नहीं देते। पहले वे अपनी
पार्टी में देखें कि उनकी पार्टी में किस-किस स्तर के नेता और मंत्री हैं।
संजय सिंह 14 जनवरी को माघी कांफ्रेंस की तैयारियों को लेकर होशियारपुर
में आप कार्यकर्ताओं की बैठक लेने आए थे।
इस दौरान उनके साथ पार्टी
के प्रदेश कन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर, यामिनी गोमर, डॉ. रवजोत, एडवोकेट
नवीन जैरथ उपस्थित थे। संजय सिंह ने कहा कि 14 जनवरी को माघी मेले में
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
ऑड-ईवन पर जनता ने दिया जवाब : संजय सिंह
पार्टी
प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि ऑड व ईवन नंबर पर सवाल खड़े करने वालों को
दिल्ली की जनता ने आज जवाब दे दिया। दिल्ली सरकार के इस प्रयास पर तमाम
देशों की एंबेसियों ने भी सहमति जताई है। इस प्रयास की विदेशों तक में
चर्चा हो रही है।