सोमवार को पंजाब बंद के आह्वान पर शहर के गुरुद्वारा सिंह सभा से काली झंडियां लेकर हाईवे जाम करने जा रही सिख संगत को पुलिस ने पहले ही हिरासत में ले लिया और बालियां थाने में ले जाकर बंद कर दिया।
इस प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह चौकस थी और शहर के विभिन्न जगहों पर पुलिस बल तैनात किए हुए थे।
काली झंडियां लेकर रोष जाहिर करने जा रहे इंटरनेशनल युनाइटेड ग्रंथी सभा के अध्यक्ष बचित्र सिंह और भाई रणधीर सिंह ने कहा कि सिख कौम की तरफ से सरबत खालसा बुलाया गया था तो अकाली सरकार ने पुलिस वालों से रास्ता रुकवाकर संगत को जाने से रोका और आज भी सद्भावना रैली को सफल बनाने के लिए पुलिस ने सिख नेताओं के घरों में दबिश करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
रोष प्रदर्शन करने जा रही सिख संगत को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने बल प्रयोग किया। उन्होंने मांग की कि जब तक गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, नाजायज देशद्रोह के केस और नाजायज पकड़े सिख नेताओं को रिहा नहीं किया जाता तब तक संघर्ष जारी रहेगा।