ममदोट के डिपो पर बीपीएल और नीले कार्डधारकों को बदबूदार गेहूं बांटने पर बवाल मच गया। लोगों का कहना है कि जो गेहूं उन्हें दिया जा रहा है वह तो पशुओं के भी खाने लायक नहीं है। गेहूं से बदबू आ रही है।
उधर, जिला फूड सप्लाई कंट्रोलर डा. अंजूमन भास्कर का कहना है कि ऐसा गेहूं बांटने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले की पड़ताल करने के आदेश दिए हैं।
गांव हजारा सिंह वाला के बीपीएल व नीले कार्डधारक गुरबच्चन सिंह, जगीर सिंह, सुरजीत सिंह, चिमन सिंह, बगीचा सिंह और रेशम सिंह ने बताया कि उन्हें डिपो से बदबूदार गेहूं दिया जा रहा है। ये गेहूं खाने लायक नहीं है। इसे पशु भी नहीं खा रहे हैं।
डिपो संचालक का कहना है कि ये गेहूं महकमे की तरफ से आया है। इस संबंध उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सूचित किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसीलिए उन्हें लोगों को गेहूं बांटना शुरू करना पड़ा क्योंकि उनके पास भी इतना गेहूं रखने की जगह नहीं है।