गुरुहरसहाए (फिरोजपुर)। क्षेत्र के एक युवक के पिता ने एक फाइनेंस कंपनी के चार व्यक्तियों पर बेटे की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि आरोपी बाइक की कुछ किश्त अदा नहीं करने पर उसके बेटे को उठा कर ले गए और उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में भेजा है। उधर, पुलिस का कहना है कि मृतक युवक के पिता ने बयान दिए हैं लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अमनदीप सिंह के पिता राम चंद ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके बेटे ने एक फाइनेंस कंपनी के जरिए किश्तों पर बाइक खरीदी थी। बाइक की कुछ किश्तें अदा नहीं की गई। बुधवार सुबह आठ बजे उक्त फाइनेंस कंपनी के चार युवक उनके घर आए और ये कह कर कि अमनदीप को अपने साथ दफ्तर लेकर जा रहे हैं थोड़ी देर बाद घर छोड़ जाएंगे। चंद ने बताया कि सवा घंटे बाद अमनदीप अकेला ही घर पहुंचा
और घर के बाहर से ही शोर डाल रहा था कि उसे बचाओ मर गया मर गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने उसे देखा और कहा कि इसकी तो मौत हो चुकी है। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजपुर सिविल अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस उन चार व्यक्तियों की तलाश कर रही है जो उसे घर से लेकर गए थे।