सहायता प्राप्त स्कूल अध्यापक और अन्य कर्मचारी यूनियन की ओर से अपनी मांगों के समर्थन में मंगलवार को जिला खजाना दफ्तर का घेराव किया गया। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रूपिंदरजीत सिंह ने की।
यूनियन सदस्यों ने दफ्तर के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। इस दौरान यूनियन के प्रदेश महासचिव एनएन सैनी की अगुवाई में जिला खजाना अधिकारी को एक मांगपत्र भी सौंपा।
यूनियन सदस्यों ने जिला खजाना दफ्तर की ओर से उनके बढ़े वेतनमान की बकाया तीसरी किश्त जारी न किए जाने पर रोष जताया।
इस दौरान जिला खजाना अधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों की मांग को वे पूरा नहीं कर सकते।
इनकी राशि का भुगतान उच्च अधिकारी ही करेंगे। यूनियन प्रदेश महासचिव एनएन सैनी, जिलाध्यक्ष और जिला महासचिव जगदीश सिंह ने कहा कि सरकार लंबे समय से उनकी बकाया राशि के तीस फीसदी का भुगतान रोके हुए है।
सरकार की ओर से उनकी सितंबर महीने से वेतन की ग्रांट भी जारी नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो संघर्ष तेज किया जाएगा
इस मौके पर उपाध्यक्ष शादी लाल आनंद, तरसेम सिंह, ब्लॉक प्रदान जसजीत सिंह, पीतांबर शर्मा, प्रिं. अनिल कुमार, प्रिं. सतिंदर मेहता, प्रिं. रमन मैंगी, सरबजोत, अशोक, अवतार सिंह, निसान सिंह, सुखिंदर सिंह रिक्की, सुखदेव नडाला, राजिंदर कौर गढ़शंकर और नीलम रानी मौजूद थे।