शहर की फैक्टरी रोड निवासी एक महिला ने अपने प्रेमी संग मिल कर अपने पति की हत्या कर दी। आरोपी पत्नी ने हत्या के बाद पति के खून से लथपथ शव को कूड़े के ढेर में फेंक दिया। शव के सिर पर गहरी चोटों के निशान थे। फिलहाल थाना सिटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों अभी फरार है।
फैक्टरी रोड निवासियों ने वीरवार की सुबह इसी रोड पर रहने वाले सरूप कुमार उर्फ गोल्डी पुत्र कांशी राम का शव एक प्लाट में पड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत थाना सिटी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसपी (एच) नरिंदरपाल सिंह सिद्धू, डीएसपी कंवरप्रीत सिंह चहल और थाना सिटी इंचार्ज दीपक राय ने अग्रिम जांच शुरू कर दी है। उधर, पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के भाई मनोज कुमार ने बताया कि पेशे से ट्रक ड्राईवर उसका भाई सरूप कुमार अपनी पत्नी और बच्चों समेत अपने घर पर रहता था। दोनों पति पत्नी में अक्सर अनबन हुई रहती थी, क्योंकि कांता रानी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे। ड्राईवर होने के कारण सरूप काफी समय बाद घर आता था। जब भी वह घर आता तो कलह कलेश का माहौल बन जाता था। बुधवार रात भी सरूप घर आया था और एक बार फिर उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ।
मनोज ने आरोप लगाया कि कांता रानी ने अपने प्रेमी संग मिल कर उसके भाई को मार कर कूड़े में फेंक दिया। थाना सिटी प्रभारी दीपक राय ने बताया कि मनोज के ब्यान के आधार पर मृतक की पत्नी कांता रानी और उसके प्रेमी गुलशन के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी गई है।