थाना कोतवाली पुलिस ने प्रेम संबंध के चलते नवयुवक की हत्या करके उसके शव को नहर में फेंकने के सनसनीखेज मामले में मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी समेत चार लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के छापामारी शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में डोगर बस्ती निवासी बंटी ने बताया कि उसके भाई पंकज कुमार का विवाह फरीदकोट निवासी रेशमा के साथ हुआ था। इन दिनों उसका भाई अपनी पत्नी के साथ अपनी ससुराल में ही रहता था।
शिकायतकर्ता के अनुसार लोहड़ी के तीन-चार दिन बीत जाने के बावजूद जब पंकज का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया तो वह अपने दूसरे भाई बबलू के साथ पंकज को मिलने उसकी ससुराल गया। वहां उसकी पत्नी रेशमा ने बताया कि पंकज 12 जनवरी की शाम को घर से गया था और उसके बाद वह घर नहीं लौटा।
उन्हें रेशमा पर संदेह हो गया। इसी दौरान उनके एक दोस्त किशन ने बताया कि 12 जनवरी को उसने पंकज को राजू, हरिंदर और अजय कुमार के साथ देखा था। इसके पश्चात जब वे उक्त लोगों से मिले और उनसे पंकज के बारे में पूछा तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने पंकज का कत्ल करके उसके शव को खुर्दबुर्द कर दिया है।
बंटी के अनुसार उसके भाई पंकज को अपनी पत्नी रेशमा और राजू के बीच प्रेम संबंधों का संदेह था और इसी वजह से रेशमा व राजू ने हरिंदर व अजय के साथ मिलकर उसके भाई की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने बयान के आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।