भीम टांक हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी व सरकार द्वारा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग को लेकर संघर्ष कमेटी द्वारा शनिवार को शुरू की गई भूख हड़ताल उपमुख्यमंत्री के ओएसडी चरणजीत सिंह बराड़ के आश्वासन पर मात्र कुछ घंटे बाद ही स्थगित कर दी गई।
बराड़ ने भीम के परिजनों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों के संबंध में वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात करवाएंगे। बाद दोपहर करीब 3 बजे अकाली नेता डा. अश्विनी वाट्स, महेंद्र चंदोलिया तथा मंजीत सिंह पोपली के साथ भीम के निवास स्थान पर पहुंचे।
बराड़ ने पहले तो पीड़ित परिवार के साथ दुख सांझा किया इसके बाद उन्होंने संघर्ष कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार की मांगों पर विचार विमर्श किया। शिव लाल डोडा की गिरफ्तारी के बारे में बराड़ ने कहा कि इस दिशा में पुलिस अपना कार्य कर रही है जबकि परिजनों को आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी के बारे में कैबिनेट की मंजूरी के लिए वे उपमुख्यमंत्री से सिफारिश करेंगे।
उन्होंने कहा कि सोमवार तक वे किसी भी समय मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री के साथ पीड़ित परिवार की मुलाकात करवाकर बातचीत करवाएंगे ताकि सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता सीधी पीड़ित परिवार तक पहुंच सके। बराड़ के आश्वासन के बाद संघर्ष कमेटी के दस सदस्यों द्वारा आज से शुरू की गई भूख हड़ताल एक बार स्थगित कर दी गई।