फिरोजपुर। सीमा सुरक्षा बल ने सरहद पर हेरोइन की तस्करी कर रहे पाकिस्तानी तस्करों को पकड़ने के लिए उन पर फायरिंग की लेकिन अंधेरे और धान की फसल का फायदा उठाते हुए तस्कर भागने में कामयाब हो गए। घटनास्थल से बीएसएफ अधिकारियों को हेरोइन के 17 पैकेट और बारह फुट लंबी एक प्लास्टिक की पाइप बरामद हुई है। ज्ञात हो कि बीएसएफ ने वीरवार को बीओपी रत्तोके से तेरह किलो हेरोइन, एक पिस्तौल, पचास कारतूस, दो मैगजीन व दो हैंड ग्रेनेड पाक तस्करों से पकड़े थे।
फिरोजपुर बीएसएफ के डीआईजी रवि जोसफ ने बताया कि सरहद पर चौकसी की हुई है। शनिवार सुबह 3.35 बजे गश्त कर रहे बीएसएफ जवानों ने बीओपी झुग्गे नूर महोम्मद फिरोजपुर सेक्टर के पास धान की फसल में बार्डर पिल्लर नंबर-174/8/9 के पास पाकिस्तान की ओर से तस्करों की हरकत देखी गई। उसी समय जवान सतर्क हो गए। जैसे ही पाकिस्तानी तस्कर प्लास्टिक पाइप के साथ फेंसिंग से लगभग 75 मीटर दूर पहुंचे बीएसएफ जवानों ने अपनी सुरक्षा के चलते पाकिस्तानी तस्करों पर फायरिंग की। तस्कर वहां पर हेरोइन व अन्य सामान फेंक कर भाग गए। बीएसएफ अधिकारियों का कहना है कि तीन से चार पाक तस्कर थे। घटना के बाद वहां पर सर्च अभियान शुरू किया गया तो बीएसएफ को 17 हेरोइन के पैकेट बरामद हुए। अधिकारियों का कहना है कि उक्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 85 करोड़ रुपये कीमत है।