फाजिल्का (फिरोजपुर)। हर वर्ष बॉर्डर पर आने वाली बाढ़ से बचाव का हल करने के लिए सतलुज नदी पर बांध बनाया जाएगा। बांध बनने से फाजिल्का क्षेत्र में लोगों को बाढ़ से राहत मिलेगी। यह जानकारी पंजाब के वन एवं श्रम मंत्री चौ. सुरजीत कुमार ज्याणी ने शनिवार फाजिल्का क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों से बैठक के दौरान दी। वनमंत्री ज्याणी ने ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों को कावांवाली से मौजम फीडर तक 10 किलोमीटर तक बांध बनाने के लिए एस्टिमेट बनाने के लिए कहा था। जिस पर ड्रेनेज विभाग के एससी गुरदियाल सिंह ने बताया कि विभाग ने बांध बनाने के लिए एस्टिमेट तैयार किया गया। बांध बनाने के लिए 5.32 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वनमंत्री ने कहा कि वह विभाग की ओर दिए गए एस्टिमेट को वह मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त वह मुख्यमंत्री से फाजिल्का में ड्रेेनेज का डिवीजन बनाने की भी मांग करेंगे, ताकि यहां पर एक्सईएन सहित विभाग का पूरा अमला मौजूद रहे और बाढ़ के दौरान हालात पर काबू पाया जा सके। इस अवसर पर भाजपा जिला महासचिव राकेश धूड़िया, ज्याणी के प्रेस सचिव बलजीत सहोता, निजी सचिव राकेश सहगल, एडीसी चरणदेव सिंह मान, ड्रेनेज विभाग के एससी गुरदयाल सिंह, एक्सईएन मुख्तयार सिंह राणा, एसडीओ बलजिंद्र सिंह बराड़ और प्रदीप गांधी उपस्थित थे।