संगरूर। जिले के किसान फसली चक्कर से निकलकर सब्जियों और अन्य फसलों की तरफ दिलचस्पी लेने लगे हैं। किसानों ने धान से मुंह मोड़ कर बागवानी विभाग की लाभदायक योजनाओं का लाभ उठाना शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से जिले में निर्धारित रखे लक्ष्य से अधिक 114.5 हेक्टेयर रकबे में सब्जियों की कास्त में लाने की सफलता हासिल की है। इसके अलावा विभाग की ओर से साल 2013-14 दौरान राष्ट्रीय बागवानी मिशन स्कीम और नेशनल वेजिटेबल इंसीएटिव स्कीम के तहत किसानों को अब तक 60 लाख 48 हजार रुपये से अधिक राशि की वित्तीय सहायता मुहैया करवाई जा चुकी है। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर कुमार राहुल ने बागवानी विभाग के स्थानीय कार्यालय की समूची कारगुजारी का लेखा जोखा करने के बाद दी।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर इस साल किसानों को उत्साहित करके 104 हेक्टेयर रकबे में विभिन्न सब्जियां पैदा करने का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें अब बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस बार जिले में 114.5 हेक्टेयर रकबे में सब्जियों की बिजाई की गई, जिसमें प्रमुख तौर पर कद्दू, करेला, भिंडी और खीरे की कास्त शामिल है। उन्होंने बताया कि जिले में राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत किसानों को बागवानी के लिए सहायक मशीनरी पावर बीडर, बी-कीपिंग, पावर स्प्रे और मशरूम की खेती के लिए शेड बनाने या खरीदने के लिए इस साल अब तक 15 लाख 4 हजार पांच सौ रुपये की सब्सिडी या वित्तीय सहायता दी जा चुकी है। इसी तरह नेशनल वेजीटेबल इंसेएटिव स्कीम के तहत इस साल दौरान अब तक 24 ग्रुपों के 312 लाभपात्रियों को 45 लाख 43 हजार 875 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय कृषि विज्ञान योजना तहत इस साल 154 लाभपात्रियों को फल और सब्जियों के सुचारु मंडीकरण के लिए 3196 प्लास्टिक करेटस पचास फीसदी सब्सिडी पर मुहैया करवाए जा चुके हैं।