फिरोजपुर। बिजली बोर्ड के मुलाजिमों की नंगा करके वीडियो रिकार्डिंग करने, सरकारी वाहन के शीशे तोड़ने और राधा स्वामी जेई के मुंह में जबरदस्ती शराब डालने के आरोप में थाना कुलगढ़ी पुलिस ने अकाली दल के दो सरपंचों समेत चार लोगों को नामजद कर 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मंगलवार देर रात बिजली मुलाजिम दाना मंडी कैंट में बिजली ठीक करने गए थे, जहां पटेल नगर के लोगों ने घेर कर बुरी तरह पीटा था।
जेई अशोक कुमार पुत्र लहौरी राम वासी 345 कीरती नगर फिरोजपुर शहर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह मंगलवार की देर रात दाना मंडी कैंट में बिजली ठीक करने गए थे। वहां पर अकाली दल के सरपंच गुरनाम सिंह ने अपने साथियों से कहा कि बिजली मुलाजिमों को घेर लो आज इन्हें शैलर वालों को बिजली सप्लाई देने का मजा चखाते हैं। उसी समय पटेल नगर के अकाली दल के सरपंच मनविंद्र सिंह उर्फ मनी, झिलमल सिंह व बलविंदर सिंह उर्फ फौजी समेत 50 अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर कर पीटना शुरू कर दिया और उनके सरकारी वाहन के शीशे तोड़ दिए। यही नहीं जेई अशोक कुमार, सहायक लाइनमैन रणबहादुर व राकेश कुमार को बंधक बनाकर गांव ले गए। वहां पर आरोपियों ने रण बहादुर व राकेश को नंगा करके मोबाइल फोन से वीडियो बनाई। राधा स्वामी जेई अशोक कुमार के मुंह में जबरदस्ती शराब डाल दी। उधर, थाना कुलगढ़ी पुलिस ने जेई अशोक कुमार के बयान पर अकाली दल के सरपंच गुरनाम सिंह व सरपंच मनविंद्र सिंह उर्फ मनी, बलविंदर सिंह, झिलमल सिंह समेत 50 ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
------------------
परचा रद करने के लिए ग्रामीणों ने दिया धरना
फिरोजपुर। वीरवार को अकाली दल के कार्यकर्ताओं व पटेल नगर के ग्रामीणों ने दो अकाली सरपंचों समेत 50 लोगों के खिलाफ दर्ज हुए मामले को रद करने के लिए धरना दिया। बरसात तेज होने के कारण ये लोग ज्यादा देर तक धरना नहीं दे सके और उठ कर चले गए। ग्रामीणों का आरोप है कि परचा झूठा दर्ज किया है। बिजली मुलाजिम उनके गांव की सप्लाई बंद कर शैलर वालों को बिजली देते थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। बाकी जो भी आरोप लगाए गए हैं, वे सभी झूठे हैं।