आतंकी गुरप्रीत और हरविंदर रिंदा।
- फोटो : फाइल
फिरोजपुर पुलिस पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के साथी राजवीर सिंह उर्फ राजा को बठिंडा जेल से पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। अदालत से उसका पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। करनाल में विस्फोटक सामग्री समेत अपने तीन साथियों के साथ पकड़े गए गुरप्रीत सिंह के राजा से अच्छे संबंध हैं, राजा ने ही गुरप्रीत का रिंदा से संपर्क करवाया था।
पुलिस को फिरोजपुर से पकड़े गुरप्रीत के दो साथियों से एक पिस्तौल मिली है। पकड़े गए आरोपियों के रिश्तेदारों से भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस जलालाबाद में हुए टिफिन बम ब्लास्ट के आरोपियों से भी पूछताछ करने में जुटी है, ये आरोपी जेल में बंद हैं। ये सभी पाक में बैठे आतंकी संगठन से जुड़े हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आकाशदीप सिंह की नानी सवरन कौर की गांव मुठियां वाली (फिरोजपुर) में जमीन है, यहीं से आरोपी रिंदा के पास इंटरनेट के जरिए लोकेशन भेज ड्रोन से विस्फोटक सामग्री व आधुनिक हथियार मंगवाते थे। इसलिए पुलिस सवरन कौर की जमीन का चप्पा-चप्पा छान रही है। भारत के कई जिलों में सुरक्षा एजेंसियां दबिश दे रही हैं, क्योंकि बीकेआई के स्लीपर सेल अलग-अलग राज्य में बैठे हैं। करनाल में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी गुरप्रीत सिंह, अमनदीप सिंह, भूपिंदर सिंह और परमिंदर सिंह पाक से आई विस्फोटक सामग्री की कई खेप स्लीपर सेलों तक पहुंचा चुके हैं। पंजाब में इनके कई साथी हत्थे चढ़े हैं। राजा को पंजाब में फैले बब्बर खालसा के नेटवर्क के बारे में पता है, इसलिए उसे बठिंडा जेल से प्रोडेक्शन वारंट पर फिरोजपुर लाया गया है। पकड़े गए आरोपियों के कई साथी पंजाब की विभिन्न जेल में बंद हैं, जिनसे पूछताछ चल रही है।
एसएसपी चरणजीत सिंह का कहना है कि फिरोजपुर से पकड़े गए आरोपी आकाशदीप सिंह से एक पिस्तौल बरामद हुआ है। फरीदकोट निवासी जश्नप्रीत सिंह के बारे में एसएसपी ने कहा कि अभी तक की जांच में जश्नप्रीत इनके साथ नांदेड़ गया था। ये इनके आपराधिक कार्यों में वांछित है या नहीं इस संबंधी केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही है। अभी जश्नप्रीत के बारे में कुछ कहना सही नहीं है। एक सवाल के जवाब में कहा कि बठिंडा जेल से रिंदा के साथी राजा को फिरोजपुर पूछताछ के लिए लाया गया है। जलालाबाद में हुए टिफिन बम ब्लास्ट के आरोपियों को भी इस जांच में शामिल किया है। पंजाब पुलिस की टीम भी करनाल में जांच करने वास्ते गई हुई है।