फरीदकोट पुलिस ने बाइक पर जा रहे स्कूली छात्रों पर ही फायरिंग कर दी। दरअसल दोनों युवक बाइक पर सवार थे। पुलिस ने युवकों को नाके पर रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक रुकने के बजाए भागने लगे।
पंजाब के फरीदकोट में पुलिस ने बाइक सवार दो स्कूली छात्रों पर फायरिंग कर दी। घटना में दोनों छात्र घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। फरीदकोट के गांव पंजगराईं कलां पर पुलिस नाके पर मोटरसाइकिल न रोकने पर चौकी इंचार्ज ने गोली चला दी। गोली एक युवक की बाजू को छूकर निकली और दोनों बाइक सवार गिरकर घायल हो गए। घायलों में एक नाबालिग भी है। दोनों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
विज्ञापन
वहीं, पुलिस का दावा है कि चौकी इंचार्ज ने उन्हें डराने के लिए हवाई फायर किया था, लेकिन बाइक सवार असंतुलित होकर सड़क पर गिर गए। जिस वजह से दोनों घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिला पुलिस ने चौकसी बढ़ाई है और जगह जगह नाकेबंदी करके चेकिंग की जा रही है। वीरवार सुबह 11 बजे थाना सदर कोटकपूरा के अधीन पुलिस चौकी पंजगराईं कलां के इंचार्ज एएसआई गुरबख्श सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने पंजगराईं कलां में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान कोटकपूरा की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आए। पुलिस ने युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक चला रहे युवक ने नाके से मोटरसाइकिल भगा ली। चौकी इंचार्ज ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से फायर कर दिया, जोकि एक युवक की बाजू पर लगा। इसके बाद दोनों युवक लड़खड़ा कर बाइक समेत गिर कर घायल हो गए।
दोनों युवक कोटकपूरा के रहने वाले हैं। हरकीरत सिंह 12वीं कक्षा और राजिंदर सिंह 10वीं कक्षा का विद्यार्थी है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहुंचे एसपी जसमीत सिंह ने बताया कि युवकों ने नाके से भागने की कोशिश की थी। चौकी इंचार्ज ने उन्हें डराने की मंशा से सिर्फ हवाई फायर किया था जोकि इनके सड़क पर गिरने से लगा हो सकता है। इनके मोटरसाइकिल पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी, ऐसे में पुलिस को शक होना स्वाभविक हो जाता है।