पंजाब में बिजली के लिए अभी से हाहाकार होने लगा है। रविवार को दिन का पारा सामान्य से अधिक रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और वृद्धि होने की भी भविष्यवाणी कर दी है। ऐसे में पंजाब में बढ़ते पारे के कारण बिजली की मांग में भी लगातार इजाफा हो रहा है।
रविवार को प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 8000 मेगावाट के पार दर्ज की गई, लेकिन इसके मुकाबले पावरकाम के पास उपलब्धता केवल 4561 मेगावाट की रही। जिसके चलते पावरकाम को मांग पूरा करने के लिए बाहर से महंगी बिजली खरीदनी पड़ी। इन हालात को देखते हुए माहिरों का मानना है कि मार्च में ही पड़ रही गरमी ने पावरकाम के लिए दिक्कतें पैदा कर दी हैं। अप्रैल में जब पारा और चढ़ेगा, तो बिजली की मांग को पूरा कर पाना पावरकाम के लिए मुश्किल हो जाएगा।
रविवार को रोपड़ का 210 मेगावाट, लहरा मुहब्बत का भी 210 मेगावाट, तलवंडी साबो का 660 मेगावाट और गोइंदवाल का 270 मेगावाट के यूनिट तकनीकी खराबी के चलते बंद रहे। जिससे कुल 1350 मेगावाट बिजली उत्पादन ठप रहा। पावरकाम को रविवार को अपने थर्मलों से 1142 मेगावाट, प्राइवेट थर्मलों से 2820 मेगावाट, हाइडल प्रोजेक्टों से 459 मेगावाट समेत अन्य स्रोतों से कुल मिलाकर 4561 मेगावाट बिजली प्राप्त हुई, लेकिन रविवार को बिजली की अधिकतम मांग पंजाब में 8148 मेगावाट दर्ज की गई। जिसे पूरा करने के लिए पावरकाम ने करीब साढ़े छह रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बाहर से बिजली खरीदी। थर्मलों के यूनिटों में आ रही तकनीकी खराबियों के चलते मांग पूरा कर पाने में पावरकाम को काफी दिक्कत हो रही है। हालांकि पावरकाम अधिकारी दावा करते हैं कि पीक गरमी सीजन शुरू होने से पहले बंद पड़े यूनिट चालू कर लिए जाएंगे।
पंजाब में सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा दिन का पारा
पंजाब में रविवार को दिन का तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हालांकि रविवार के अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले 0.2 डिग्री की गिरावट देखी गई। पंजाब में रविवार को चंडीगढ़ 30.0 डिग्री के अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक अगले चार दिन मौसम शुष्क ही रहेगा। बारिश नहीं होगी और साथ ही दिन के पारे में अगले तीन दिन तो कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री का उछाल देखने को मिलेगा। जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और उछाल से गरमी का प्रकोप बढ़ेगा। चंडीगढ़ के बाद लुधियाना का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री, पटियाला का 29.1, पठानकोट का 28.0 डिग्री, अमृतसर का 28.2 डिग्री दर्ज किया गया।