फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सफलता: बीएसएफ ने पकड़ा पाकिस्तान से आया 'मेड इन चाइना' ड्रोन, कैप्टन ने चन्नी पर कसा तंज

Sat, 18 Dec 2021 10:34 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब में सर्दी का मौसम आते ही पाकिस्तान की तरफ से भारत में घुसपैठ और हेरोइन की तस्करी बढ़ जाती है। तस्कर धुंध का फायदा उठाकर अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं।  
विज्ञापन
फिरोजपुर में पकड़ा गया ड्रोन। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीमा सुरक्षा बल ने फिरोजपुर सेक्टर में पाकिस्तान से आए ड्रोन को गिराने में सफलता हासिल की है। ड्रोन को गिराने के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, आशंका है कि ड्रोन हेरोइन या हथियार की खेप फेंक लौट रहा था। पंजाब में पहली बार है, जब पाकिस्तान से आए हुए ड्रोन को गिराने में सफलता मिली है।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स बटालियन 103 के जवान अमरकोट एरिया में पेट्रोलिंग पर थे। बीओपी वॉ के पास उन्हें ड्रोन की आवाज सुनाई दी। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की पेट्रोलिंग टीम ने आवाज की तरफ निशाना लगाना शुरू कर दिया। इसी बीच उन्हें ड्रोन के गिरने का आभास हुआ, जिसके बाद जवानों ने उसी समय एरिया में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। सीमा से 300 मीटर भारत की तरफ ड्रोन गिरा मिल गया। यह जगह बॉर्डर पर लगाई गई फेसिंग के पाय थी। आशंका जताई जा रही है कि ड्रोन हथियारों या नशे की खेप को फेंक कर लौट रहा था, जिसके बाद से आसपास के एरिया में सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

चाइना मेड है ड्रोन

जानकारी के अनुसार, रिकवर किया गया ड्रोन चाइना मेड है। काले रंग के ड्रोन पर काली पट्टियां लगाई गई थीं, ताकि इस पर लगी लाइट्स अंधेरे में दिख न सकें। 6 पंखों और करीब पांच फीट डायमीटर वाला यह ड्रोन अपने साथ करीब 10 किलो तक वजन उठा एक जगह से दूसरी जगह फेंकने की क्षमता रखता है। भारतीय क्षेत्र में ड्रोन बरामद किए जाने के बाद जहां बीएसएफ अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं वहीं खुफिया एजेंसियों ने भी इसकी जांच शुरू कर दी हैं। इसके पंख और अन्य सामान से पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं कि यह ड्रोन हथियार लेकर भारतीय क्षेत्र में घुसा था या हेरोइन की खेप के साथ।

राजाताल में भी सुनी ड्रोन की आवाज, बीएसएफ की फायरिंग के बाद लौटा

बीएसएफ जवानों को अमृतसर सेक्टर में बीओपी राजाताल और सराय अमानत खां इलाकों के बीच गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि 11 बजे से लेकर तड़के 3 बजे तक तीन बार ड्रोन की आवाज सुनाई दी। जवानों द्वारा ड्रोन की आवाज आने वाली दिशा में फायरिंग की तो यह ड्रोन पाकिस्तान लौट गया। संदेह है कि पाकिस्तान का ड्रोन हथियार या हेरोइन भारतीय क्षेत्र में फेंक गया है। एसएसपी देहात राकेश कौशल ने बताया कि घटना के बाद बीएसएफ और पुलिस ने सीमांत गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया। 

एक दिसंबर तक 67 बार आया है ड्रोन

बीएसएफ के डायरेक्टर जनरल पंकज सिंह ने बताया था कि एक दिसंबर तक पाकिस्तान की तरफ से 67 बार ड्रोन आया। पाकिस्तान की एजेंसी ड्रोन को भारतीय क्षेत्र में हथियारों और हेरोइन की खेप भेजने के लिए इस्तेमाल करता है। दूसरी ओर एक दिसंबर को गुरदासपुर के दीनानगर इलाका में 900 ग्राम आरडीएक्स बरामद किए जाने के बाद बीएसएफ अलर्ट पर है। 

कैप्टन ने कसा तंज

वहीं पंजाब में ड्रोन पकड़े जाने पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पूरे दिन भांगड़ा करने के बजाय सीएम पंजाब को अपने गृह मंत्री को सक्रिय होने और इनकार मोड से बाहर आने की सलाह देनी चाहिए। उन्होंने चन्नी से कहा कि यदि आपके पार्टी अध्यक्ष आपकी बात सुनें तो उनसे भी कहें कि अपने बड़े भाई इमरान खान से हमारे राज्य पंजाब को परेशान करने की कोशिश बंद करने के लिए कहें।

शुक्रवार को पकड़ी थी 130 करोड़ की हेरोइन

इससे पहले सीमा सुरक्षा बल ने शुक्रवार को सरहद से 130 करोड़ रुपये की हेरोइन पकड़ी है। घनी धुंध का फायदा उठाकर पाक तस्कर भारतीय सीमा में हेरोइन के पैकेट फेंकने पहुंचे थे। उनकी गतिविधियां भांपने के बाद सुबह इस जगह पर स्पेशल सर्च अभियान चलाया गया। बीएसएफ को हेरोइन के करीब 25 पैकेट मिले हैं, जिनका वजन 26 किलो सात सौ ग्राम आंका गया है। हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 130 करोड़ रुपये बताई जाती है। यह घटना बीएसएफ की बीओपी (चौकी) मोजम फारवर्ड के पास घटी है।
विज्ञापन

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें