दिल्ली और पंजाब के कई शहरों में पैर पसारने के बाद डेंगू ने नवांशहर में भी अपनी दस्तक दे दी है। जिले में अब तक डेंगू के तीन संदिग्ध मरीज शहर के प्राइवेट अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे हैं।
सेहत विभाग शहर में डेंगू द्वारा दी गई दस्तक से बेखबर है। सेहत विभाग का कहना है कि इन मरीजों में डेंगू के लक्षण तो हैं लेकिन इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही इन्हें डेंगू के मरीज कहा जा सकता है।
गौरतलब है कि उक्त तीनों मरीजों में से एक बलाचौर से है, जो नवांशहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए मंगलवार को भर्ती हुआ था। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसके बारे में सेहत विभाग को सूचित कर दिया है।
इसी तरह नवांशहर के कुलार रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भी पटियाला में दांतों की डाक्टरी कर रही एक युवती का भी इलाज चल रहा है। युवती को पटियाला में बुखार और उल्टियां आ रही थीं। पहले तो डाक्टर इसे टाइफाइड समझते रहे, लेकिन बाद डेंगू के लक्षण दिखाई देने लगे।
सिविल सर्जन धर्मपाल ने खुलासा किया है कि जिले में डेंगू के दो तीन संदिग्ध मरीजों के केस सामने आए हैं। डेंगू की पुष्टि के लिए इनके खून के टेस्ट होशियारपुर लेबोरेट्री में भेजे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि इन्हें डेंगू है या नहीं। इसी तरह इस अस्पताल में नवांशहर के एक व्यापारी का भी इलाज चल रहा है।
सिविल सर्जन डा. धर्मपाल ने कहा कि स्वस्थ विभाग ने उक्त मरीजों के इलाकों में फीवर सर्वे शुरू करवा दिया है जहां बुखार के मरीजों के डेंगू टेस्ट भी किए जाएंगे। इसके अलावा नगर काउंसिल को तुरंत फॉगिंग करने को भी कहा जाएगा। उन्होंने लोगों को भी जरूरी एहतियात बरतने के लिए कहा है।