पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षा में दो छात्राओं के बीच पहले स्थान के लिए टाई हो गया। लुधियाना की महक और मलोट, मुक्तसर की मनिंदर कौर पूरे पंजाब में अव्वल रहीं।
ओवरआल मेरिट लिस्ट में इस बार भी लड़कियों का दबदबा रहा, पहले छह स्थानों पर लड़कियां आईं, और सभी ह्यूमैनिटीज ग्रुप से थीं। शनिवार को पीएसईबी में शिक्षा मंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने नतीजा घोषित किया।
विद्यार्थी अपना परिणाम 19 मई को रात बारह बजे से अमर उजाला की साइट 'http://www.myresultplus.com/' पर देखें।
इस बार बीसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल लुधियाना की महक और जीटीबी खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल मलोट की मनिंदर कौर ने 436 अंक (96.89 प्रतिशत) लेकर राज्य में टॉप किया।
सनमति विमल जैन सीसे स्कूल जगरांव, लुधियाना की चरनप्रीत कौर 96.44 फीसदी अंक लेकर दूसरे और इसी स्कूल की ज्योति बंसल 96.22 अंक लेकर राज्य में तीसरे स्थान पर रही। पिछले सालों की तुलना में इस बार नतीजा बेहतर रहा।
राज्य भर के कुल 3,29,805 विद्यार्थियों ने बारहवीं की परीक्षा दी थी, जिनमें से 2,60,456 पास हुए। नतीजा 78.97 प्रतिशत रहा।
सबसे कम पास प्रतिशत साइंस ग्रुप का :
सबसे ज्यादा पास प्रतिशत वोकेशनल ग्रुप का रहा, सबसे कम साइंस ग्रुप का रहा। जिलों में देखें तो सबसे ज्यादा पास प्रतिशत होशियारपुर का रहा, सबसे फिसड्डी बरनाला जिला रहा।