उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब में आतंकवाद का कोई खतरा नहीं है और किसी भी आतंकवादी ग्रुप को सिर नहीं उठाने दिया जाएगा। राज्य की अमन शांति को हर कीमत पर बहाल रखा जाएगा। कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की किस्त शीघ्र दी जाएगी। वह मंगलवार को फिरोजपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सुखबीर ने पंजाब में 350 आतंकवादी होने की बात को खारिज करते हुए कहा कि सीमापार से गड़बड़ फैलाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं, पर पंजाब पुलिस चौकस व समर्थ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और उनकी एजेंसियां पंजाब में गड़बड़ फैलाने की कोशिशों को रोकने में नाकाम रही हैं, जबकि पंजाब पुलिस ने अपनी स्तर पर इन्हें असफल किया है।
पंजाब सरकार द्वारा कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की किस्त के संबंध में पूछे एक सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह शीघ्र दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब ही ऐसा राज्य है, जिसने वेतन आयोग के 700 करोड़ रुपये का कर्मचारियों को भुगतान किया है। वैट रिफंड के संबंध में बादल ने कहा कि कुछ मामलों में घपले सामने आए, इनका मूल्यांकन चल रहा है। उन्होंने कहा कि वैट रिफंड के लिए अक्तूबर में नई नीति लागू की जा रही है।
इससे पहले 52 करोड़ की लागत से फिरोजपुर शहर में पड़ने वाले सीवरेज प्रोजेक्ट का नींव पत्थर रखते हुए बादल ने लोगों को लोकसभा चुनाव के लिए कमर कसने को कहा। बादल ने मल्लावालां में 9 करोड़ की लागत से पानी सप्लाई स्कीम के अतिरिक्त तलवंडी भाई में 22 करोड़ की लागत वाले सीवरेज और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का नींव पत्थर भी रखा।
उपमुख्यमंत्री ने 11.93 करोड़ की लागत से बनी फिरोजपुर शहर-प्यारामल सड़क, 5.77 करोड़ वाली मलांवाला से सबरावां सड़क, 10 करोड़ से जीरा में बनाए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर पंजाब भाजपा के प्रधान कमल शर्मा, सिंचाई मंत्री जनमेजा सिंह सेखों, सांसद शेर सिंह घुबाया, विधायक जोगिंदर सिंह जींदू, पूर्व विधायक सुखपाल सिंह नन्नू और अकाली नेता वरदेव सिंह मान उपस्थित थे।