पंजाब के मुक्तसर में गिद्दड़बाहा के गांव फकरसर के गुरुद्वारा माता साहिब देवा कौर जी में दो अज्ञात व्यक्ति जूते लेकर घुस गए और गुरुघर की मर्यादा भंग कर बेअदबी की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया गया। गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सुबह जब वह गुरुद्वारा साहिब में रोज की तरह गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश करने के लिए आया तो श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप वाली जगह के आगे रखे फूलों के गुलदस्ते इधर-उधर पड़े दिखे।
उसने सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो पता चला कि देर रात करीब दो बजे दो युवक मुंह बांध कर गुरुद्वारा साहिब की पीछे वाली दीवार फांद कर घुसे और वह जूते लेकर दरबार साहिब में घूमते रहे। सीसीटीवी में दिखे कि उक्त युवक श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप वाले स्थान के आगे वाली साइड पर रखे फूलों के गुलदस्ते इधर-उधर फेंकने लगे।
गोलक का ताला भी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वह उनसे टूटा नहीं। हालांकि उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप व गुटका साहिब जी का कोई नुकसान नहीं किया। इस संबंधी गिद्दड़बाहा की पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
डीएसपी जसबीर सिंह पन्नू व थाना प्रभारी राजबीर कौर मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और आरोपियों का पता लगाकर सख्त सजा दी जाएगी।