पंजाब के कपूरथला क्षेत्र के सुल्तानपुर लोधी के तलवंडी पुल के समीप सुबह नौ बजे बाइक सवार बस कंडक्टर को तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने घेर कर बुरी तरह से पीटा। फिर उसके कैश बैग में रखी 30 हजार रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए। वारदात की घटना समीपवर्ती सीसीटीवी में कैद हो गई, जोकि सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
जिसके बाद थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस हरकत में आई और मामले की तफ्तीश में जुट गई। पुलिस का दावा है कि उन्होंने दो घंटे में मामले को ट्रेस कर पांच आरोपियों केखिलाफ केस दर्ज करके मास्टरमाइंड महिला समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि महिला का पति फरार है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जख्मी बस कंडक्टर को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती करवाया गया है।
डीएसपी सुल्तानपुर लोधी बबनदीप सिंह व थाना प्रभारी शिवकंवल सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 9 बजे गांव कालेवाल निवासी बस कंडक्टर बलजिंदर सिंह से तीन मोटरसाइकिल सवार होकर छह-सात हथियारबंद बदमाशों ने उसे सड़क के बीच घेर कर रोक लिया।
रुकते ही उस पर लोहे की राड व दातरों से हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बदमाश उसके कैश बैग में रखी 30 हजार रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए। जख्मी बस कंडक्टर बलजिंदर सिंह ने हमलावरों में से करणप्रीत सिंह निवासी मेहतपुर, मनदीप सिंह निवासी लोहियां, गुरतेज सिंह निवासी कोठा तथा जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोई निवासी राइवाल को पहचान लिया।
बलजिंदर सिंह ने बताया कि उसने करीब एक साल पहले सपनमनप्रीत कौर से 1.6 लाख रुपये उधार लिए थे। जो उसने उसे लौटा भी दिए थे, फिर भी वह उससे और पैसों की मांग करती थी। पैसे देने से मना करने सपनमनप्रीत कौर ने उसको धमकाया था कि वह अब उसे सबक सिखाएगी, जिसकी रंजिश के चलते उसने बदमाश भेजकर लूट की नियत से हमला करवाया है।
डीएसपी ने बताया कि बलजिंदर सिंह के बयान पर केस दर्ज करके पुलिस तफ्तीश में जुट गई। उन्होंने दावा किया कि केस रजिस्टर करके एएसआई लखबीर सिंह ने मास्टरमाइंड सपनमनप्रीत कौर निवासी मोहल्ला शाह सुल्तानपुर मेहतपुर को भी शामिल पाया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सपनमनप्रीत कौर, मनदीप सिंह, गुरतेज सिंह, जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोई को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि सपनमनप्रीत कौर का पति करनप्रीत सिंह फरार हो गया। डीएसपी ने कहा कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मास्टरमाइंड सपनमनप्रीत कौर पर पहले भी थाना लोहियां में नशा बेचने और मारपीट के केस दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया पुलिस ने दो घंटे में ही मामला ट्रेस कर लिया।