अमृतसर में सीमा पर मिला क्वाडकॉप्टर
- फोटो : ANI
इसका पता चलते ही बीएसएफ के सीनियर अधिकारी पहुंचे और बल ने पूरे इलाके को घेर लिया। बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि सुबह दिन निकलने पर दाऊके इलाके में सर्च अभियान शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस के जवान भी बीएसएफ के साथ सर्च करते रहे।
जवानों को सीमांत गांव दाऊके के एक खेत में एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसे कब्जे में लेने के बाद उसकी क्षतिग्रस्त ड्रोन होने की पुष्टि हुई। पाकिस्तानी ड्रोन कॉप्डकॉप्टर डीजेआई मैट्रिक्स 300 आरटीके (चीन निर्मित) पाया गया है। जिसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में भेज दिया गया है। बीएसएफ का पूरे इलाके में सर्च अभियान जारी है। फिलहाल बीएसएफ को कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।
पठानकोट के बमियाल सेक्टर में पाकिस्तानी घुसपैठ नाकाम
भारत-पाक सीमा पर स्थित बमियाल सेक्टर के पहाड़ीपुर और जैतपुर बीएसएफ पोस्ट के बीच बीती देर रात पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की कोशिश की गई। सीमा सुरक्षा बल ने जब फायरिंग की तो घुसपैठिए पाकिस्तान की ओर भाग गए। सूचना यह भी मिल रही है कि पाकिस्तान की ओर से भी कुछ राउंड फायरिंग की गई। जबकि भारतीय जवानों ने सात राउंड फायर कर घुसपैठियों को भागने पर मजबूर कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बीती देर रात भारत-पाक सीमा जीरो लाइन स्थित पहाड़ीपुर और जैतपुर बीएसएफ पोस्ट के बीच पाकिस्तान की साइड से दो लोगों ने भारतीय सीमा पार करने की कोशिश की। गश्त कर रहे सजग 121 बीएसएफ वाहिनी के जवानों ने घुसपैठियों पर गोलियां चलाईं। इसके बाद घुसपैठिए पाकिस्तान की ओर भाग गए। बीएसएफ के सीसीटीवी में घुसपैठिए कैद हुए हैं, जो भारतीय सीमा के पिलर के पास कुछ संदिग्ध वस्तु गिराते दिखे। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल की टीमों ने इलाके की घेराबंदी की और सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि सर्च ऑपरेशन में कुछ नहीं मिला।
बता दें कि भारत-पाक सीमा से सटे पठानकोट में यह पहली वारदात है लेकिन, इससे पहले कई बार ड्रोन गतिविधियां हो चुकी हैं। जिसको लेकर सीमा सुरक्षा बल की ओर से सतर्कता बरती जा रही है। सेना से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आगामी दिनों में धुंध बढ़ने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद किया जाएगा।
डीएसपी (ऑपरेशन) सुखराज सिंह ढिल्लों ने बताया कि बीएसएफ की ओर से शुक्रवार रात को भारत-पाक सीमा पर पहाड़ीपुर पोस्ट के निकट पाकिस्तान से भारत की सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे 2 से 3 व्यक्तियों की मूवमेंट देखी गई। इसके बाद बीएसएफ के जवानों ने फायर किए। उन्होंने बताया कि फिलहाल साफ नहीं हो सका है की ये लोग कौन थे। बीएसएफ और पुलिस की ओर से सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।